पूर्वोदय के संकल्प को मिली नई गति: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रायरांगपुर में विकास परियोजनाओं का किया शुभारंभ
रायरांगपुर (ओडिशा)। राष्ट्रपति ने मंगलवार को रायरांगपुर में महाराजा श्रीराम चंद्र भंजा देव विश्वविद्यालय के सूचना प्रौद्योगिकी परिसर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने आयुष अस्पताल सह आयुर्वेदिक कॉलेज, ओडिशा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर, तीरंदाजी केंद्र, शहर सौंदर्यीकरण व जल निकासी उन्नयन परियोजनाएं, सभागार एवं सांस्कृतिक केंद्र, बालिकाओं के छात्रावास तथा नशामुक्ति केंद्र की आधारशिला रखी।
समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार की ‘पूर्वोदय’ परिकल्पना के तहत ओडिशा को विकास की मुख्यधारा में अग्रणी स्थान दिया जा रहा है और मयूरभंज जिला इससे व्यापक लाभ प्राप्त कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई संस्थाएं और परियोजनाएं क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ाएंगी।
राष्ट्रपति ने जनजातीय समुदायों के उत्थान के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्रधानमंत्री वन धन योजना, सूक्ष्म ऋण योजनाएं, आदिवासी महिला सशक्तिकरण पहल, बेहतर स्वास्थ्य-शिक्षा सुविधाएं, प्रधानमंत्री-जनमन योजना, विद्युतीकरण और दूरदराज क्षेत्रों में 4जी कनेक्टिविटी का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से आदिवासी बहुल क्षेत्रों में समग्र विकास को गति मिली है। उन्होंने सभी नागरिकों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और जागरूकता फैलाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्थानीय विकास से राज्य और अंततः देश का विकास सुनिश्चित होगा। राष्ट्रपति ने जोर दिया कि 2047 तक ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य सरकार और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से ही साकार होगा।


