2013 से रसीद नहीं कटने से परेशान 89 वर्षीय वृद्धा की गुहार, लिखित शिकायत के बाद फोन पर भी की बातचीत

M भारत 24 news live
0

 

2013 से रसीद नहीं कटने से परेशान 89 वर्षीय वृद्धा की गुहार, लिखित शिकायत के बाद फोन पर भी की बातचीत


रांची। सरकारी शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, हजारीबाग की पूर्व प्राचार्या एवं रातू रोड निवासी 89 वर्षीय वृद्धा मणि देवी वर्ष 2013 से जमीन की रसीद नहीं कटने की समस्या से जूझ रही हैं। बढ़ती उम्र और खराब स्वास्थ्य के कारण उनके लिए चलना-फिरना बेहद कठिन हो गया है, इसके बावजूद बीते कई वर्षों से उन्हें विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। मणि देवी का कहना है कि अब इस अवस्था में अंचल कार्यालय जाना उनके लिए लगभग असंभव हो गया है, जबकि ऑनलाइन माध्यम से भी रसीद नहीं कट पा रही है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।

पीड़िता ने बताया कि इस समस्या को लेकर उन्होंने संबंधित कार्यालय में लिखित रूप से शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पूर्व अंचल अधिकारी द्वारा यह कहकर मामला टाल दिया गया कि “सबका कटेगा तो आपका भी कटेगा”, जिससे बुजुर्ग महिला को गहरी निराशा हुई। उनका कहना है कि वर्षों से यही जवाब देकर उन्हें टरकाया जाता रहा है और समस्या जस की तस बनी हुई है।


हाल के दिनों में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की सक्रियता को देखते हुए मणि देवी ने जनता दरबार में भी अपनी समस्या रखी। वहां उनकी बात सुनी गई और समाधान का भरोसा दिलाते हुए उन्हें अंचल कार्यालय जाने की सलाह दी गई। इसके बाद वे अंचल कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने दोबारा आवेदन दिया। साथ ही फोन के माध्यम से भी अंचल अधिकारी से संपर्क कर अपनी परेशानी विस्तार से बताई।


हेहल अंचल के वर्तमान अंचल अधिकारी घनश्याम कुमार ने फोन पर बताया कि फिलहाल निकाय चुनाव की व्यस्तता के कारण कार्यालयीन कार्य प्रभावित है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंचल कार्यालय आने पर मामले को प्राथमिकता के आधार पर देखकर त्वरित समाधान किया जाएगा।


वृद्धा मणि देवी ने प्रशासन से मानवीय और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है, ताकि उन्हें बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!