डॉ. अभिषेक के. रामाधीन ने सराहा केंद्रीय बजट, कहा– स्वास्थ्य क्षेत्र को मिलेगी नई दिशा
रांची। केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के उपाध्यक्ष डॉ. अभिषेक के. रामाधीन ने कहा कि यह बजट स्वास्थ्य और फार्मा क्षेत्र के लिए संतुलित, दूरदर्शी और जनहितकारी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बार शोध, उपचार और जनस्वास्थ्य—तीनों को समान महत्व दिया है।
डॉ. रामाधीन ने बजट में 1000 नए रिसर्च सेंटरों की घोषणा को चिकित्सा अनुसंधान के लिए बड़ा प्रोत्साहन बताया और कहा कि इससे भारत को वैश्विक फार्मा केंद्र बनाने की दिशा में मजबूती मिलेगी। कैंसर, डायबिटीज और सात दुर्लभ बीमारियों की दवाओं को सस्ता करने का निर्णय आम मरीजों के लिए बड़ी राहत है।
उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, रांची स्थित सीआईपी को और मजबूत करने तथा तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेदिक केंद्रों की स्थापना को समग्र स्वास्थ्य नीति का सकारात्मक संकेत बताया। उनके अनुसार यह बजट देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को भविष्य के लिए तैयार करेगा।


