रांची। 31 जनवरी 2026 को जिला स्वास्थ्य समिति, रांची एवं टेली मानस झारखंड के संयुक्त आयोजन में रांची विमेंस कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत तनाव मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें तनाव से निपटने के व्यावहारिक उपाय उपलब्ध कराना रहा।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं परामर्शदाताओं द्वारा छात्राओं की मानसिक समस्याओं पर चर्चा की गई तथा जरूरत के अनुसार परामर्श एवं दवाओं का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान समूह गतिविधियों के माध्यम से तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और भावनात्मक संतुलन का संदेश दिया गया। साथ ही जरूरतमंद छात्राओं के लिए व्यक्तिगत स्तर पर वन-ऑन-वन काउंसलिंग भी की गई।
इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति के पदाधिकारी, टेली मानस टीम, कॉलेज की प्राचार्या, प्राध्यापकगण, NSS कार्यक्रम पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में NSS छात्रों एवं लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


