मनरेगा से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं, नाम वापस नहीं लिया गया तो संसद तक होगा संघर्ष : डॉ. इरफान अंसारी

M भारत 24 news live
0

 

मनरेगा से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं, नाम वापस नहीं लिया गया तो संसद तक होगा संघर्ष : डॉ. इरफान अंसारी

रांची | 11 जनवरी 2026

केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना में कथित छेड़छाड़ और नाम परिवर्तन के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने रविवार को रांची के मोराबादी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकदिवसीय उपवास रखकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की।

कार्यक्रम में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, वरिष्ठ नेता प्रदीप तुलस्यान, शमशेर आलम, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा, कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा, कांग्रेस नेता रविंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि मनरेगा गरीबों, किसानों और मजदूरों के लिए जीवनरेखा है। यदि भाजपा सरकार ने मनरेगा का नाम वापस नहीं लिया और योजना में की जा रही छेड़छाड़ बंद नहीं की, तो कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करेगी।

उन्होंने कहा कि जब देश की जनता, किसान और मजदूर संकट में होते हैं, तो उनका दर्द कांग्रेस पार्टी महसूस करती है। इसी भावना के साथ कांग्रेस ने एकदिवसीय उपवास कर भाजपा की जनविरोधी नीतियों का विरोध किया है। डॉ. अंसारी ने कहा कि जब-जब गरीबों के अधिकारों पर हमला हुआ है, तब-तब कांग्रेस पार्टी ढाल बनकर सामने खड़ी हुई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मनरेगा योजना कांग्रेस पार्टी की देन है, जिसे सोनिया गांधी के नेतृत्व में लागू किया गया था। इस योजना ने करोड़ों गरीब परिवारों को रोजगार और सम्मान दिया है। मनरेगा को कमजोर करना गरीबों को बेरोजगारी, भूख और पलायन की ओर धकेलने की साजिश है।

भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पास न तो कोई स्पष्ट विज़न है और न ही दूरदर्शिता। नाम बदलने की राजनीति से न रोजगार बढ़ा है, न महंगाई घटी है और न ही गरीबों की स्थिति में कोई सुधार हुआ है।

एकदिवसीय उपवास के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के निर्देश पर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को स्वस्थ पाया, जिसके बाद उपवास समाप्त किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यह आंदोलन पूरे झारखंड में चलाया जा रहा है। राज्य के सभी जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया है कि मनरेगा में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भाजपा सरकार को हर हाल में यह निर्णय वापस लेना होगा।





Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!