नगर निगम चुनाव भत्ता लंबित, होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने दी आंदोलन की चेतावनी; डीजी बोले– फंड मिलते ही होगा भुगतान
रांची: नगर निगम चुनाव में ड्यूटी करने वाले होमगार्ड जवानों के लंबित भत्ते को लेकर झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने सरकार से जल्द भुगतान की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि चुनाव संपन्न हुए काफी समय बीत जाने के बावजूद बड़ी संख्या में जवानों को अब तक उनका भत्ता नहीं मिला है।
एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने कहा कि होमगार्ड जवान राज्य के विभिन्न विभागों में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनके मानदेय और भत्तों का समय पर भुगतान नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम चुनाव के अलावा स्वास्थ्य विभाग सहित कई अन्य विभागों में कार्यरत जवानों का मानदेय भी लंबे समय से लंबित है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की चेतावनी दी जाती है, लेकिन भुगतान के मामले में संबंधित विभाग गंभीरता नहीं दिखाते। एसोसिएशन ने सरकार से सभी लंबित मानदेय और भत्तों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
वहीं, इस संबंध में M Bharat 24 News Live की संवाददाता ने होमगार्ड एवं अग्निशमन सेवा के महानिदेशक एम. एस. भाटिया से बातचीत की। डीजी ने बताया कि नगर निगम चुनाव ड्यूटी के भत्ते के भुगतान के लिए गृह विभाग को पत्र भेजा जा चुका है। गृह विभाग से फंड जारी होते ही सभी लंबित मानदेय और भत्तों का भुगतान कर दिया जाएगा।
रिपोर्टर: सोनिका मिश्रा


