निपाह वायरस को लेकर झारखंड अलर्ट, सभी जिलों को सतर्क रहने का निर्देश : डॉ. इरफान अंसारी

M भारत 24 news live
0


निपाह वायरस को लेकर झारखंड अलर्ट, सभी जिलों को सतर्क रहने का निर्देश : डॉ. इरफान अंसारी

रांची: पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस से दो लोगों की मौत के बाद झारखंड सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी संदिग्ध स्थिति पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के एक्स्ट्रा एडिशनल सेक्रेटरी अजय कुमार को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि निपाह वायरस एक अत्यंत खतरनाक और जानलेवा ज़ूनोटिक बीमारी है, जो जानवरों से इंसानों में फैलती है। इस वायरस के शुरुआती लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ शामिल हैं। गंभीर मामलों में यह बीमारी मस्तिष्क को प्रभावित कर एन्सेफेलाइटिस, ब्रेन अटैक जैसी स्थिति पैदा कर सकती है, जिससे मरीज कोमा में भी जा सकता है।

उन्होंने बताया कि निपाह वायरस मुख्य रूप से फल खाने वाले चमगादड़ों से फैलता है। इसके अलावा संक्रमित जानवरों, विशेषकर सूअरों के संपर्क में आने, उनके संक्रमित मांस के सेवन या संक्रमित व्यक्ति के शरीर से निकलने वाले द्रवों के सीधे संपर्क से भी संक्रमण फैल सकता है।

स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार निपाह वायरस की मृत्यु दर 40 से 75 प्रतिशत तक हो सकती है, जो इसे बेहद गंभीर बनाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्यभर में सख्त निगरानी, त्वरित रिपोर्टिंग प्रणाली और व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड सरकार निपाह वायरस की रोकथाम के लिए पूरी तरह तैयार है और स्वास्थ्य विभाग को हर स्तर पर सतर्क रहने को कहा गया है, ताकि राज्य में किसी भी तरह का प्रकोप न होने पाए।



Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!