2027 की जनगणना में होगी जातिवार गणना, सरकार ने योजना की अधिसूचना जारी की
नई दिल्ली। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि सरकार ने वर्ष 2027 की जनगणना कराने की योजना अधिसूचित कर दी है। उन्होंने कहा कि जनगणना के दूसरे चरण में जातिवार गणना की जाएगी।
भारत में जनगणना दो चरणों में संपन्न होती है। पहले चरण में गृह सूचीकरण अभियान (एचएलओ) के तहत परिवारों की आवास स्थिति, संपत्ति और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी जुटाई जाती है, जिसके प्रश्न 22 जनवरी 2026 को अधिसूचित किए जा चुके हैं। दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक और सांस्कृतिक जानकारी एकत्र की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि जाति संबंधी प्रश्नों सहित दूसरे चरण के प्रश्न जनगणना अभियान से पहले निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अंतिम रूप देकर अधिसूचित किए जाएंगे।


