दावोस यात्रा से झारखण्ड को वैश्विक पहचान, निवेश के प्रति बढ़ा भरोसा
रांची, 27 जनवरी 2026। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस (स्विट्ज़रलैंड) एवं यूके में वैश्विक मंच पर झारखण्ड का प्रभावी प्रतिनिधित्व कर रांची लौटने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन का फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर चैम्बर पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका अभिनंदन किया।
चैम्बर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में दावोस यात्रा को राज्य के लिए मील का पत्थर बताया गया। चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि इस यात्रा से झारखण्ड वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूती से उभरा है। टेक महिंद्रा, टाटा, अडानी समूह, लूलू ग्रुप और टीसीएस सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने राज्य में निवेश को लेकर सकारात्मक रुचि दिखाई।
महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि “ग्रो विद नेचर” की अवधारणा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। झारखण्ड चैम्बर ने सरकार के साथ मिलकर औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन में निरंतर सहयोग का भरोसा जताया।


