आचार संहिता के कारण ऑटो व ई-रिक्शा चालकों की बैठक स्थगित, 28 फरवरी के बाद नई तिथि होगी घोषित
रांची। झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ द्वारा प्रस्तावित ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों की बैठक फिलहाल स्थगित कर दी गई है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 फरवरी और 3 फरवरी 2026 को मोराबादी मैदान में चालकों की बैठक आयोजित की जानी थी, लेकिन राज्य में मेयर, उपमेयर एवं पार्षद चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। आचार संहिता का उल्लंघन कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है, इसलिए संगठन ने बैठक को टालने का निर्णय लिया। अब यह बैठक 28 फरवरी 2026 के बाद प्रदेश पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर नई तिथि तय होने पर आयोजित की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी ऑटो व ई-रिक्शा चालकों से शांति बनाए रखने तथा चुनावी नियमों का पालन करने की अपील की है।


