रांची में आरएसएस झारखंड प्रांत कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के झारखंड प्रांत कार्यालय पर मंगलवार देर रात पेट्रोल बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर संघ की ओर से चुटिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है तथा हमलावरों की गिरफ्तारी और कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, 16 जून 2026 की रात करीब 12:36 बजे दो अज्ञात व्यक्तियों ने श्री निकेतन स्थित संघ कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंका। कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है। फुटेज में दो व्यक्ति चेहरा ढके नजर नहीं आ रहे हैं और वे कार्यालय की ओर पेट्रोल बम फेंकते दिखाई दे रहे हैं। शिकायत में कहा गया है कि हमलावरों ने एक नहीं बल्कि दो बार पेट्रोल बम फेंककर हमला किया। एक बम कार्यालय के छत पर फटा और दूसरा बम तो नहीं फटा लेकिन पेट्रोल से आग लग गई थी जिसे काबू में किया गया।
संघ पदाधिकारियों के अनुसार, घटना के समय कार्यालय परिसर में करीब 20 लोग मौजूद थे। यदि आग तेजी से फैल जाती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। साथ ही कार्यालय की संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका थी। शिकायत में इसे संघ कार्यालय को नुकसान पहुंचाने और भय का माहौल बनाने की गंभीर साजिश बताया गया है।
घटना के बाद संघ की ओर से चुटिया थाना प्रभारी को आवेदन देकर कार्यालय परिसर की सुरक्षा बढ़ाने, संघ कार्यालय के निकट स्थायी पुलिस पिकेट स्थापित करने तथा हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।


