पत्थर निकालने के लिए खोदे गए गड्ढे ने निगल ली तीन मासूम जिंदगियां, एक ही परिवार के तीन बच्चों की डूबकर मौत

M भारत 24 news live
0

 


पत्थर निकालने के लिए खोदे गए गड्ढे ने निगल ली तीन मासूम जिंदगियां, एक ही परिवार के तीन बच्चों की डूबकर मौत


बालूमाथ/लातेहार। बालूमाथ प्रखंड के आरा गांव में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। पत्थर निकालने के लिए वर्षों पहले खोदे गए पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों की पहचान द्वारिका गंझू के पुत्र आर्यन कुमार (3 वर्ष) तथा पुत्रियां माही कुमारी (9 वर्ष) और दीपिका कुमारी (6 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि तीनों बच्चे शुक्रवार शाम गांव के समीप स्थित पानी से भरे पुराने गड्ढे में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण बच्चों को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. दयानंद कुमार ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार जिस गड्ढे में हादसा हुआ, उसे वर्षों पहले पत्थर निकालने के लिए खोदा गया था। समय के साथ उसमें पानी भर गया और वह एक खतरनाक जलाशय में तब्दील हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे गड्ढों को भरने या उनके चारों ओर सुरक्षा घेरा लगाने की मांग कई बार की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

हादसा स्थल एनटीपीसी की निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट के समीप बताया जा रहा है। क्षेत्र में कई ऐसे पानी से भरे गहरे गड्ढे मौजूद हैं, जो ग्रामीणों और खासकर बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अमित कुमार, सब इंस्पेक्टर गौतम कुमार और देवेंद्र सिंह अस्पताल पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे बालूमाथ क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में मौजूद सभी खतरनाक गड्ढों की पहचान कर उन्हें तत्काल भरवाने अथवा सुरक्षा घेरा लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।

रिपोर्ट: तारकेश्वर गुप्ता

🔴 "खुले खतरनाक गड्ढों पर कब जागेगा प्रशासन?"


Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!