जगन्नाथपुर मंदिर में 24 घंटे पुलिस सुरक्षा का निर्देश, बड़े मंदिरों की तर्ज पर बनेगी नई प्रबंधन व्यवस्था

M भारत 24 news live
0


जगन्नाथपुर मंदिर में 24 घंटे पुलिस सुरक्षा का निर्देश, बड़े मंदिरों की तर्ज पर बनेगी नई प्रबंधन व्यवस्था


रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने जगन्नाथपुर मंदिर की सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। न्यायमूर्ति आनंद सेन की अदालत ने रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को मंदिर परिसर में 24 घंटे पुलिस सुरक्षा सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। साथ ही मंदिर के बेहतर और पारदर्शी संचालन के लिए देश के प्रमुख मंदिरों की व्यवस्था एवं बायलॉज (उपविधियों) का अध्ययन कर शपथपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है।


यह निर्देश जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति के पूर्व सचिव चंद्रकांत रायपत द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया। सुनवाई के दौरान मंदिर के रात्रि प्रहरी की हाल ही में हुई हत्या का मामला भी कोर्ट के समक्ष आया।


अदालत ने इस घटना को गंभीर मानते हुए कहा कि जगन्नाथपुर मंदिर ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए मंदिर की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोर्ट ने पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए।


हाईकोर्ट ने मंदिर के प्रशासनिक ढांचे में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया। अदालत ने कहा कि देश के बड़े और सुव्यवस्थित मंदिरों की कार्यप्रणाली का अध्ययन कर जगन्नाथपुर मंदिर के लिए भी बेहतर उपविधियां तैयार की जाएं, जिससे मंदिर का प्रशासन और वित्तीय प्रबंधन अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित हो सके।


कोर्ट ने सभी संबंधित पक्षों को अपने सुझाव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही यह भी कहा कि नए बायलॉज तैयार करने की प्रक्रिया में मंदिर के संस्थापक सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि मंदिर की परंपराओं और विरासत का सम्मान बना रहे।


मामले की अगली सुनवाई 23 जून को होगी।

Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!