गांव की मासूमियत मिली शहर की चमक से, यादगार बनी एफटीएस युवा रांची की ‘नगर यात्रा

M भारत 24 news live
0

 

गांव की मासूमियत मिली शहर की चमक से, यादगार बनी एफटीएस युवा रांची की ‘नगर यात्रा


रांची: वन बंधु परिषद के युवा प्रकोष्ठ एफटीएस युवा रांची की ओर से ‘नगर यात्रा 4.0’ आयोजित की गई। इसके तहत 30 जून से 3 जुलाई तक सुदूरवर्ती गांवों के 800 बच्चों को पहली बार शहर के आधुनिक माहौल और मॉल का अनुभव कराया गया। 


जिन बच्चों ने कभी मॉल नहीं देखा था, जिन्हें एस्केलेटर पर चलना नहीं आता था और जिनके लिए गेमिंग जोन व रेस्टोरेंट सिर्फ सुनी हुई बातें थीं, उनके लिए चार दिन जिंदगी की सबसे खूबसूरत याद बन गए।


यह यादगार रातू रोड स्थित मॉल ऑफ रांची के स्टारकेड गेमिंग जोन में हुआ। यहाँ पहुंचे बच्चों ने झूलों का आनंद लिया, गेम खेले, एस्केलेटर की सैर की और रेस्टोरेंट में भोजन का अनुभव प्राप्त किया। बच्चों के चेहरों पर खुशी, उत्साह और आश्चर्य का अनोखा संगम देखने को मिला। 


कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए खेल, मनोरंजन, स्वादिष्ट भोजन, जलपान और उपहार की व्यवस्था की गई। हर पल बच्चों की खिलखिलाहट और उत्साह इस आयोजन की सफलता की कहानी बयां कर रहा था।


कई बच्चों ने एम भारत 24 न्यूज़ लाइव की संवाददाता से बात-चीत में कहा कि उन्होंने कभी शहर और मॉल नहीं देखे थे। उनके लिए यह किसी सपने से कम नहीं है। बच्चों ने कहा कि यहां बहुत मन लग रहा है और सब कुछ बहुत अच्छा है। 


मौके पर अध्यक्ष अभिनव मित्तल ने बताया कि नगर यात्रा का उद्देश्य केवल बच्चों को घुमाना नहीं, बल्कि उन्हें बड़े सपने देखने की प्रेरणा देना है। उनका मानना है कि जब गांव का बच्चा शहर की नई दुनिया को करीब से देखता है, तो उसके भीतर आगे बढ़ने और कुछ बड़ा करने का आत्मविश्वास भी जन्म लेता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो गांव के बच्चों के सपनों को नई उड़ान दे सकती है और नगर यात्रा उसी दिशा में एक छोटा लेकिन सार्थक प्रयास है।


वहीं मीडिया कोऑर्डिनेटर कीर्ति मारू ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ऐसे बच्चों को जीवन का एक यादगार अनुभव देना है, जिनकी पहुंच आधुनिक मनोरंजन और शहरी सुविधाओं तक नहीं है।

 

सचिव कंचन कौर ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों को केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, सामाजिक व्यवहार और आधुनिक परिवेश की समझ भी देते हैं।


कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी अमित बजाज ने दी उन्होंने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में चेन्नई के समाजसेवी कमलेश जैन तथा स्टारकेड गेमिंग जोन के संचालक राजेश अडूकिया का विशेष सहयोग रहा।


इस अवसर पर केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष रेखा जैन उपस्थित रहीं। आयोजन को सफल बनाने में सृष्टि अग्रवाल, शुभम सोमानी, अभिजीत, राधा रोडोलिया, सौरव बोस, हर्ष अग्रवाल, अमर बाजोरिया, उत्सव जालान, आयुषी सरावगी, कोमल केडिया, अभिनव मित्तल, कंचन कौर सहित संस्था के कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। 


रिपोर्टर: सोनिका मिश्रा

Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!