DLSA के योग अभियान से जुड़े 99 केंद्र, ऑनलाइन Google Meet पर 25 हजार लोगों ने किया योगाभ्यास
रांची: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), रांची द्वारा आयोजित दो दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का दूसरा एवं अंतिम दिन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जेलों, ऑब्जर्वेशन होम, वृद्धाश्रमों, पीएलवी केंद्रों सहित 99 केंद्रों से करीब 25 हजार लोगों ने ऑनलाइन Google Meet के माध्यम से योगाभ्यास में भाग लिया।
मुख्य योग प्रशिक्षक पंचानन सिंह ने प्रार्थना के साथ प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत कराई। इसके बाद प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वयं, समाज, प्रकृति और पूरे विश्व के साथ जुड़ने का एक सशक्त मार्ग है। योग जीवन में संतुलन, अनुशासन और सकारात्मकता लाता है।
योगाभ्यास के दौरान विभिन्न आसनों से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी भी दी गई। पंचानन सिंह ने कहा कि योग अनुभव और आत्म-विकास की ऐसी विद्या है, जो व्यक्ति को भीतर से मजबूत बनाती है और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देती है।
DLSA रांची के सचिव राकेश रौशन ने कहा कि योग मानसिक शांति, आत्मविश्वास और ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में "सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः" शांति पाठ किया गया। इसके बाद योग संकल्प के साथ दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ।
गौरतलब है कि 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में इस प्रशिक्षण शिविर में प्राप्त अभ्यास और अनुभव का उपयोग किया जाएगा। DLSA की इस पहल ने एक साथ हजारों लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का संदेश दिया।


