मिशन चौक पर दर्दनाक हादसा: शादी में जा रहे भाई-बहन समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

M भारत 24 news live
0


मिशन चौक पर दर्दनाक हादसा: शादी में जा रहे भाई-बहन समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत


लोहरदगा: शहर के व्यस्त मिशन चौक के पास शनिवार रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में मातम पसर गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।


जानकारी के अनुसार, बरवाटोली निवासी साहू परिवार के सदस्य स्कूटी से साहू धर्मशाला में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान मिशन चौक के समीप एक तेज रफ्तार बॉक्साइट ट्रक ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।


हादसे में सापन कुमारी, सृष्टि कुमारी और रोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सापन कुमारी और सृष्टि कुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं रोहित कुमार को गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।


घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने शहर में अनियंत्रित गति से चल रहे बॉक्साइट ट्रकों पर नाराजगी जताई।


लोगों का कहना है कि लोहरदगा शहर में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से मिशन चौक समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने, गति सीमा का सख्ती से पालन कराने और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।


इस दर्दनाक हादसे ने एक ही परिवार से तीन जिंदगियां छीन लीं, जिससे पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है।

Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!