राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026: हिंडाल्को में आयोजित हुआ ‘सतर्क चालक, सुरक्षित जीवन’ जागरूकता कार्यक्रम
लोहरदगा | 07 जनवरी 2026:
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कार्यक्रम के सातवें दिन “सतर्क चालक, सुरक्षित जीवन” अभियान के अंतर्गत कंपनी परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इस दौरान राह वीर योजना तथा हिट एंड रन मामलों में सरकार द्वारा दी जाने वाली मुआवजा राशि की जानकारी भी चालकों को दी गई।
आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हिंडाल्को कंपनी से जुड़े ट्रक चालक उपस्थित थे। वक्ताओं ने चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ओवरस्पीडिंग और लापरवाही से बचें तथा स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन की भी सुरक्षा सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और वाहन चालकों को जिम्मेदार नागरिक के रूप में सड़क सुरक्षा के प्रति सजग बनाना रहा।


