RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने वाले गिरफ्तार, हिरासत से भागा आरोपी गोली लगने के बाद फिर दबोचा गया

M भारत 24 news live
0


RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने वाले गिरफ्तार, हिरासत से भागा आरोपी गोली लगने के बाद फिर दबोचा गया


रांची: चुटिया के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के झारखंड प्रदेश कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में रांची पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच अब झारखंड एटीएस (ATS) को सौंप दी गई है।


पुलिस के अनुसार 16 जून की रात RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंका गया था। घटना के बाद गठित विशेष जांच दल (SIT) ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान लोहरदगा निवासी सैफ अंसारी और अमन अंसारी उर्फ गोलू को कोडरमा के गझंडी रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तार किया गया। दोनों राज्य से बाहर भागने की फिराक में थे।


पूछताछ में दोनों ने अपने साथी सायम सुजान के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने सायम सुजान को भी रांची से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़े, एक सेंट्रो कार और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।


पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे किसी बड़े नेटवर्क या मॉड्यूल से संबंध होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी कारण मामले की आगे की जांच एटीएस को सौंप दी गई है।


इधर गुरुवार को गिरफ्तार आरोपी सैफ अंसारी ने कोतवाली थाना परिसर के शौचालय से फरार होने की कोशिश की। वह वेंटिलेशन की ग्रिल और शीशा तोड़कर भाग निकला। सूचना मिलते ही पूरे जिले में अलर्ट जारी किया गया।


कुछ ही देर बाद मांडर थाना क्षेत्र के चामा मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने उसे फिर पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने के बाद आरोपी ने एक जवान का हथियार छीनकर दोबारा भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और एटीएस पूरे मामले की जांच कर रही है।



Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!