जलजमाव की जड़ में नाले का अतिक्रमण? दस्तावेज़ों और तथ्यों से समझिए पूरी कहानी

M भारत 24 news live
0

          


पंचशील नगर का सच – भाग 1


जलजमाव की जड़ में नाले का अतिक्रमण?


आखिर हर बारिश में क्यों डूब जाता है एनएच-75? जानिए दस्तावेज़ों और तथ्यों से पूरी कहानी


रांची: बारिश शुरू होते ही पंडरा स्थित पंचशील नगर चौक पर एक ही तस्वीर सामने आती है—सड़क पर पानी, लंबा जाम और परेशान लोग। रांची के प्रवेश द्वार के रूप में पहचाना जाने वाला यह इलाका हर साल मानसून के दौरान जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझता है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह समस्या हर वर्ष क्यों होती है?


बारिश के कुछ ही घंटों बाद एनएच-75 पर स्थित पंचशील नगर चौक में इतना पानी भर जाता है कि सड़क और तालाब में अंतर करना मुश्किल हो जाता है। छोटे वाहन फंस जाते हैं, बड़े वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ते हैं और कई बार एंबुलेंस तक को रास्ता नहीं मिल पाता है।


इस समस्या को लेकर एक अखबार के तत्कालीन तथा वर्तमान में M भारत 24 न्यूज़ लाइव के संवाददाता मनोज मिश्रा लगातार खबरें प्रकाशित कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करते रहे हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया है।


एनएच-75 रांची को पलामू, डाल्टनगंज, लोहरदगा समेत कई जिलों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। प्रतिदिन हजारों लोग इस सड़क का उपयोग करते हैं। लेकिन बारिश के दिनों में यही सड़क लोगों के लिए परेशानी का कारण बन जाती है।


सबसे अधिक मुश्किल स्कूली बच्चों, उनके अभिभावकों, मरीजों और स्थानीय लोगों को होती है। जलभराव के बीच लोगों को जान जोखिम में डालकर आना-जाना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात के दिनों में यह सड़क कम और तालाब ज्यादा दिखाई देती है।


क्या है जलजमाव की असली वजह?


हर साल बारिश होती है, लेकिन हर जगह ऐसी स्थिति नहीं बनती। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर पंचशील नगर में ही बार-बार इतनी बड़ी समस्या क्यों पैदा होती है कि राष्ट्रीय राजमार्ग तक बंद हो जाता है। 


स्थानीय लोगों का दावा है कि नाले और पानी निकासी के प्राकृतिक रास्तों में काफी बदलाव आया है। कुछ लोगों का कहना है कि नाले संकरे हो गए हैं, जबकि कुछ का आरोप है कि कई जगहों पर अतिक्रमण के कारण पानी के बहाव में रुकावट आई है। नतीजा यह होता है कि बारिश का पानी तेजी से निकलने के बजाय सड़क और आसपास के इलाकों में जमा होने लगता है।


क्या वास्तव में यही जलजमाव की मुख्य वजह है? क्या पुराने नक्शे, राजस्व अभिलेख और सरकारी दस्तावेज़ इस दावे की पुष्टि करते हैं? या फिर इसके पीछे कोई और कारण है?


इन्हीं सवालों के जवाब तलाशने के लिए हमने पुराने नक्शों, दस्तावेज़ों और उपलब्ध अभिलेखों की पड़ताल शुरू की है। "पंचशील नगर का सच" श्रृंखला में हम तथ्य, दस्तावेज़ और ज़मीनी हकीकत के आधार पर पूरे मामले को समझने की कोशिश करेंगे।


अब उठ रहे हैं बड़े सवाल

🔹 क्या नाले पर अतिक्रमण हुआ है?

🔹 पुराने नक्शे और दस्तावेज़ क्या बताते हैं?

🔹 आखिर जलजमाव के लिए जिम्मेदार कौन है?


अगले भाग में पढ़िए...

👉 नाले का इतिहास और  वास्तविक स्वरूप क्या है?


पढ़ते रहिए — "पंचशील नगर का सच पार्ट - 02"

दस्तावेज़ बोलेंगे, तथ्य सामने आएंगे।


                               — रिपोर्टिंग : मनोज मिश्रा


Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!