रांची जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जरूरतमंद, बेसहारा और असहाय लोगों को राहत पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के सभी प्रखंडों एवं रांची शहरी क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है, वहीं जरूरतमंदों के बीच लगातार कंबल का वितरण किया जा रहा है।
इस अभियान की स्वयं निगरानी उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी द्वारा की जा रही है। वे प्रतिदिन रात्रि में रांची शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं और स्वयं मौके पर पहुंचकर कंबल वितरण सुनिश्चित कर रहे हैं। इससे पूर्व भी उपायुक्त द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि शीतलहर के कारण किसी भी व्यक्ति को परेशानी न हो और सभी जरूरतमंदों तक समय पर कंबल पहुंचाया जाए।
इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची ने चिरौंदी स्थित वृद्धा आश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों एवं आश्रमवासियों के बीच कंबल वितरित किए। कंबल पाकर वृद्धजनों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और ठंड से राहत मिलने पर संतोष जताया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, रांची रविशंकर मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई बेसहारा या जरूरतमंद व्यक्ति ठंड से पीड़ित नजर आए, तो इसकी सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष, नजदीकी थाना या प्रखंड कार्यालय को दें, ताकि समय रहते सहायता पहुंचाई जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ठंड से बचाव उसकी प्राथमिकता है और यह राहत अभियान लगातार जारी रहेगा।


