हेमंत सरकार ने पेसा एक्ट की आत्मा पर कुठाराघात किया: अर्जुन मुंडा

M भारत 24 news live
0


अधिसूचित पेसा नियमावली पर भाजपा का तीखा प्रहार

हेमंत सरकार ने पेसा एक्ट की आत्मा पर कुठाराघात किया: अर्जुन मुंडा

रांची | हेमंत सरकार द्वारा अधिसूचित पेसा नियमावली को लेकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पेसा एक्ट, 1996 की मूल भावना के साथ गंभीर छेड़छाड़ की है।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखंड में पेसा नियमावली लागू करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी और इसके लिए कई लोग न्यायालय भी गए। सरकार पर दबाव के बाद कैबिनेट से पारित नियमावली सामने आई, लेकिन यह न तो दुरुस्त है और न ही एक्ट की भावना के अनुरूप।

उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी समाज का स्वशासन उसकी पारंपरिक, रूढ़िजन्य व्यवस्था का अभिन्न अंग रहा है, जिसे राज्य सरकार ने घोषित नियमावली के माध्यम से कमजोर करने का प्रयास किया है। पेसा एक्ट 1996 में ग्राम सभा की जो स्पष्ट परिभाषा दी गई है, वह झारखंड सरकार की नियमावली में नदारद है। प्रस्तावना में परंपरा की बात तो की गई है, लेकिन ग्राम सभा की परिभाषा को जानबूझकर अस्पष्ट रखा गया है।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि किसी भी नियम की प्रस्तावना उसकी आत्मा होती है, जो उसके विस्तारित स्वरूप को स्पष्ट करती है। लेकिन झारखंड की पेसा नियमावली में न तो ग्राम सभा की परिभाषा स्पष्ट है और न ही ‘परंपरा’ को परिभाषित किया गया है, जबकि देश के अन्य नौ राज्यों में, जहां पेसा लागू है, वहां ग्राम सभा को एक्ट के अनुरूप ही परिभाषित किया गया है।

उन्होंने इसे “एक्ट का कोल्ड ब्लडेड मर्डर” बताते हुए कहा कि पृष्ठों के हिसाब से नियमावली भले ही बड़ी हो, लेकिन भावों के आधार पर यह शून्य है। ऐसी नियमावली आगे चलकर गंभीर प्रशासनिक और संस्थागत संकट पैदा करेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने सोच-समझकर जनजातीय समाज के चारित्रिक स्वरूप को बदलने का प्रयास किया है। जैसे किसी व्यक्ति की पहचान उसके परिवार से होती है, वैसे ही जनजातीय समाज की पहचान उसकी पारंपरिक व्यवस्था से होती है। पांचवीं अनुसूची वाले राज्य में सरकार को संवेदनशील होकर काम करना चाहिए, लेकिन हेमंत सरकार आदिवासियों के प्रति असंवेदनशील रवैया अपना रही है।

प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक, प्रवक्ता राफिया नाज सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!