अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर सख्त हुए एसएसपी, थाना प्रभारियों को दिए कई अहम निर्देश

M भारत 24 news live
0

 

अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर सख्त हुए एसएसपी, थाना प्रभारियों को दिए कई अहम निर्देश


रांची: रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में नगर, ग्रामीण और यातायात पुलिस अधीक्षक के अलावा सभी डीएसपी, थाना प्रभारी और यातायात पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।


बैठक में एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को आम जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने और पुलिस-पब्लिक संबंध मजबूत बनाने का निर्देश दिया। साथ ही अपराधियों, असामाजिक तत्वों और जेल से बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा गया।


एसएसपी ने लंबित मामलों के जल्द निष्पादन, चरित्र एवं पासपोर्ट सत्यापन में तेजी लाने तथा मोबाइल और बैग गुम होने से जुड़े मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेन स्नैचिंग, अवैध हथियार, नशीले पदार्थों की तस्करी, चोरी और गृहभेदन जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।


बैठक में रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने, पॉक्सो मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा गुमशुदा बच्चों और व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा लंबित वारंट, कुर्की-जब्ती और अन्य न्यायालयीय प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया।


एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ करने का निर्देश दिया गया।

Post a Comment

0 Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!